विधवा महिला करना चाहती थी दूसरी शादी, वारदात से पहले शादी के लिए लडक़ा दिखाने ले गए थे आरोपी…

रतलाम/जनवकालत न्यूज। लगभग एक पखवाड़े पहले माही नदी में मिली 37 वर्षीय अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया है। मृतिका विधवा थी और उसकी हत्या से पहले दो आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया था। खास बात यह है कि दोनों आरोपी महिला को घर से बुलाकर उसे शादी कराने के लिए एक लडक़ा दिखाने लेकर गए थे। लड़के के परिजनों द्वारा महिला की उम्र ज्यादा होने पर इंकार कर दिया था। इसके बाद आरोपियों ने लौटते समय रात्रि 10 बजे महिला को शराब पिलाकर उसके साथ गैंगरेप कर हत्या की। सायबर सेल की मदद और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
एसपी राहुल कुमार लोढा ने मंगलवार को अंधेकत्ल का खुलासा किया। एसपी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि विगत 12 जून 2024 को रावटी पुलिस को सूचना मिली थी कि माही नदी की पुलिया के नीचे एक महिला का शव दिखाई दे रहा है। मौके से पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो पता चला कि महिला के हाथ पैर कपड़े के गमछे से बंधे हुए थे और महिला को पूरी तरह निर्वस्त्र कर नदी में फेंका गया था। इस माममे में रावटी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी लोंढा ने बताया कि महिला की शिनाख्त घटनास्थल से करीब बारह किलोमीटर दूर ग्राम वालरुण्डी निवासी के रुप में हुई। मृतिका की अठारह वर्षीय बेटी ने शव की शिनाख्त अपनी मां के रूप में की थी। मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां 11 जून 2024 को रात के वक्त किसी व्यक्ति के साथ गई थी और फिर वापस नहीं लौटी।


विशेष टीम गठित कर सुलझाया अंधेकत्ल का मामला –
अंधेकत्ल को सुलझाने के लिए एसपी लोढा ने एएसपी राकेश कुमार खाखा और एसडीओपी नीलम बघेल को निर्देशित किया। जांच में जुटी एक विशेष पुलिस टीम ने मृतिका के मोबाइल नंबर को जांच में लिया। संदिग्ध सुरेश (22) पिता बारजी देवदा और विदेश (20) पिता मांगू डिण्डोर दोनों निवासी ग्राम गुन्दीनाका मानपुरा (थाना बाजना) जब अपने- अपने घरों पर नहीं मिले तो पुलिस को शंका गहराई और उनकी तलाश शुरू की। दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ में आरोपियों ने महिला से गैंगरेप कर उसकी हत्या कर शव को माही नदी में फेंकना कबूला। मृतिका विधवा के पांच बच्चे थे और वह दोबारा शादी करना चाहती थी। दोनो आरोपी और मृतका मजदूरी करते थे और मजदूरी के लिए रतलाम आते थे। इसी दौरान उनकी पहचान हुई थी।
दूसरा विवाह करना चाहती थी महिला-
रतलाम में मजदूरी के दौरान आरोपियों और महिला के बीच बातचीत शुरू हुई थी। मृतिका ने दोबारा विवाह करने की इच्छा आरोपियों से जताई थी। इस दौरान आरोपियों ने एक परिचित युवक से विधवा की शादी कराने की पेशकश की। वारदात वाले दिन दोनों आरोपी विधवा महिला को घर से बुलाकर उसे ग्राम गुन्दीनाका निवासी एक युवक के घर पर शादी की बात कराने ले गए थे। जांच में सामने आया था कि महिला को देखने के बाद युवक के परिवार वालों ने मृतिका महिला और युवक की आयु में अधिक अंतर होने पर महिला से शादी के लिए मना कर दिया था। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को मोटरसाइकिल पर बैठाकर वापस लौटने के दौरान पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद उसके साथ गैंगरेप कर झगडा होने के दौरान हत्या कर दी थी। महिला की हत्या के बाद आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बान्ध कर उसे नदी में फेंक दिया था। एसपी लोढा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से मृतिका का मोबाइल, कपड़े और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका–
उक्त सराहनीय कार्य मे निरीक्षक जय प्रकाश चौहान थाना प्रभारी रावटी, उनि रामसिंह खपेड, उनि निशा चौबे, प्र.आर 706 आतिश धानक, प्र.आर जगदीश डाबे, प्र.आर बद्रीलाल चौधरी, आर महेश मईडा, आर राहुल मेडा, आर निलेश कटारा, आर राहुल चौहान, आर. श्रवण कुमार मईडा, आर. अनिल अमलियार, आर राजेश बक्षी, आर बहादुर डांगी, म.आर. रुकमणी आदि एवं साईबर सेल रतलाम प्र. आर. हिम्मत सिंह का विशेष योगदान रहा।