Visitors Views 3675

Wrestlers Protest : खेल मंत्रालय से पहलवान खुश नहीं, पीएम मोदी से लगाई गुहार, बोले- WFI अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद ही समाप्त होगा धरना

breaking खेल देश

जनवकालत न्यूज़/दिल्ली। 

भारतीय कुश्ती में अचानक तूफान खड़ा हो गया हैं । विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया समेत करीब 30 पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठ गए। संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कई कोच के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगे। इसके बाद दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ। अब खेल मंत्रालय ने इस मामले में भारतीय कुश्ती संघ से जवाब मांग लिया है।

फोटो सोशल मीडिया

इस्तीफे पर अड़े पहलवान

खेल मंत्रालय से बैठक के बाद बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। पहलवानों ने कहा कि वह कुश्ती संघ के अध्यक्ष का इस्तीफा लेकर रहेंगे। पहलवानों ने यह भी साफ कर दिया कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। वे आश्वासन से खुश नहीं हैं। उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। वह ठोस कार्रवाई चाहते हैं। वह इस बात की उम्मीद में बैठे हैं कि उन्हें न्याय मिलेगा। पूरे कुश्ती संघ को भंग करना चाहिए, जब तक संघ को भंग नहीं किया जाएगा, हम पीछे नहीं हटेंगे।

पहलवानों ने कहा कि उनके पास कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। उनके साथ 5-6 लड़कियां हैं, जिनका यौन शोषण हुआ है और इसे साबित करने के लिए सबूत भी हैं, लेकिन वह सबूत सार्वजानिक नहीं करना चाहते हैं। इस बीच पहलवानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। पहलवानों ने यह भी कहा है कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बृजभूषण सिंह इस्तीफा दें और उन्हें जेल भिजवाकर रहेंगे। पहलवानों ने यह भी कहा कि इस मामले में वह केस भी फाइल करेंगे।

22 जनवरी को होगी अहम बैठक

भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यकारी समिति और वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 22 जनवरी को यूपी के अयोध्या में होगी। बैठक में महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह हिस्सा लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बृजभूषण सिहं इस बैठक में इस्तीफा दे सकते हैं।

कुश्ती संघ को खत्म करें

पहलवानों की मांग है कि कुश्ती संघ को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाए और नए संघ का गठन किया जाए। खिलाड़ियों का कहना है कि कुश्ती संघ में भ्रष्ट लोगों की भरमार है।

खिलाड़ियों के होटल में रुकते थे बृजभूषण सिंह

विनेश फोगाट के बाद पहलवान अंशु मलिका ने भी बृजभूषण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बृजभूषण खिलाड़ियों के होटल में रुकते थे और अपना कमरा खुला रखते थे।

हरियाणा कुश्ती संघ पर भी आरोप

विनेश फोगाट ने हरियाणा कुश्ती संघ पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हरियाणा में जो नया कुश्ती संघ बनाया गया है, उसमें भी बृजभूषण शरण सिंह जैसे लोग हैं।

फोटो सोशल मीडिया

स्वाति मालीवाल भी पहुंचीं

खिलाड़ियों से मिलने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल भी पहुंचीं। उन्होंने महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को लेकर कुश्ती संघ से जवाब मांगा। साथ ही उन्होंने खेल मंत्रालय को भी नोटिस भेजा। वहीं, स्थानीय पुलिस से केस दर्ज करने की मांग की।

नेताओं ने दर्ज कराई उपस्थिति

भाजपा नेता बबीता फोगाट दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के पास पहुंची हैं। बबीता भी पहले पहलवान रह चुकी हैं। इसके बाद वह राजनीति में आईं। उनके कई रिश्तेदार भी इस प्रदर्शन में शामिल हैं।

अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने सफाई दी

महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न किए जाने के आरोपों पर कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने सफाई दी है. उन्होंने महिला रेसलर्स के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं हर तरह की जांच के लिए तैयार हूं। अगर यौन शोषण के आरोप सच निकले तो फांसी पर लटकने के लिए तैयार हूं। उन्होंने यह भी कहा कि यह हमारे खिलाफ एक सुनियोजित साजिश है।

आरोपों की जांच हो- प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा “हमारे खिलाड़ी देश की शान हैं। विश्व स्तर पर अपने प्रदर्शन से वे देश का मान बढ़ाते हैं। कुश्ती फेडरेशन व उसके अध्यक्ष पर खिलाड़ियों ने शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन खिलाड़ियों की आवाज सुनी जानी चाहिए। आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Visitors Views 3675