अमेरिका के गरबा महोत्सव में गूंज रहा रतलाम का तबला, शहर के जितेंद्र सिंह दे रहे अद्भुत प्रस्तुति…

दीपावली तक अलग-अलग राज्यों में देंगे प्रस्तुति…

jitendra singh

रतलाम/जनवकालत न्यूज़। शक्तिनगर निवासी तबला वादक जितेंद्रसिंह चुंडावत इन दिनों अमेरिका के ह्यूस्टन (टेक्सास) में तबले की प्रस्तुति दे रहे हैं। वे रतलाम की कला और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहे हैं। अमेरिका में वे अपनी अ‌द्भुत तबला और ढोल वादन की प्रस्तुति दे रहे हैं।

जितेंद्र सिंह 22 सितंबर से अमेरिका के गरबा महोत्सव में विशेष प्रस्तुति दे रहे हैं। वे लगभग एक माह तक अमेरिका के विभिन्न राज्यों के प्रमुख शहरों में, विशेषकर ह्यूस्टन (टेक्सास) सहित कई स्थानों पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

शक्तिनगर निवासी 37 वर्षीय जितेंद्र सिंह को उनकी अनूठी प्रतिभा और कला को देखते हुए आरव इंटरटेनमेंट, मुंबई ने विशेष अमेरिकी टूर के लिए आमंत्रित किया है।

जितेंद्र सिंह ने अपनी स्कूली और स्नातक शिक्षा शहर में ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। बचपन से ही उन्हें संगीत, विशेषकर तबला वादन में गहरी रुचि रही। उनकी प्रारंभिक तबला शिक्षा रतलाम में स्व. भेरूलाल रेडा से हुई। इसके बाद उन्होंने आगे की विधिवत शिक्षा बड़ौदा के महाराजा सयाजीराव महाविद्यालय से प्राप्त की। उनके पिता, रिटायर्ड प्राध्यापक जगदीशचंद्र सिंह चुंडावत ने उनके संगीत कॅरियर को हमेशा प्रोत्साहन और सहयोग दिया। मेहनत, लगन और अद्वितीय कला के दम पर जितेंद्र न केवल शहर का बल्कि देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मंच ही नहीं, बल्कि रतलाम में भी सिंह ने ‘द परफॉर्मिंग आर्ट ग्रुप’ की स्थापना कर कई प्रस्तुतियों का आयोजन किया। इसके माध्यम से उन्होंने अपने साथी कलाकार मित्र गोपाल कुमावत, नरेंद्र पुनवर और विकास राव को भी अपनी कला के जरिए अमेरिका यात्रा पर साथ ले गए। युवाओं को संगीत और कला के क्षेत्र में प्रेरित करने का कार्य भी कर रहे हैं।

https://www.kamakshiweb.com/