
रतलाम/जनवकालत न्यूज़। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, जवाहर नगर विकास समिति ने जवाहर नगर बी कॉलोनी के बगीचे सौंदर्यकरण के उद्देश्य से एक विशाल पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। समिति के सदस्यों, स्थानीय निवासियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम सफल रहा।

यह कार्यक्रम समिति के ‘हरित जवाहर नगर’ अभियान का एक हिस्सा था, जिसका उद्देश्य क्षेत्र को और अधिक हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना है। कार्यक्रम की शुरुआत समाजसेवी राजेश झाला ए रज़ाक के संबोधन से हुई, जिन्होंने पर्यावरण की सुरक्षा और भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “पौधा रोपण केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे भविष्य में निवेश है। हमें इन पौधों की देखभाल करनी होगी जब तक कि वे पूरी तरह से विकसित न हो जाएं।”
इस दौरान फलदार, छायादार और औषधीय गुणों वाले विभिन्न प्रकार के लगभग एक दर्जन से अधिक पौधे लगाए गए, जिनमें नीम, पीपल, बरगद, आम, बेलपत्र, जामफल, बादाम और गुलमोहर जैसे पेड़ शामिल थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद श्रीमति आशा राजीव रावत उपस्थित रही, जिन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना की और नागरिकों से ऐसे पर्यावरण हितैषी अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।

समिति के हिमांशु बिष्ट ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल शुरुआत है। समिति ने यह भी संकल्प लिया है कि लगाए गए सभी पौधों की नियमित रूप से देखभाल और सिंचाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए स्थानीय निवासियों की एक ‘हरित जवाहर नगर टीम’ का गठन किया गया है, जो पौधों के स्वस्थ विकास पर नजर रखेगी।
इस सफल आयोजन ने जवाहर नगर के निवासियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सहयोग की भावना को और मजबूत किया है।
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक एडवोकेट अनिल कुमार पांडे, राधेश्याम पोरवाल, समाजसेवी राजेश मवई, डॉक्टर जसवंत सिंह चौहान, महेशचंद्र चौहान, पत्रकार के. के. शर्मा, पत्रकार प्रकाश तंवर, रणजीत सिंह, नरेंद्र सिंह परिहार, पत्रकार उपेंद्र पाटोदिया, रवि लोदवाल, पत्रकार सुरेश बौरासी, कमलेश चौहान, क्षेत्र की यूथ टीम से जितेंद्र गुर्जर, हेमन्त गुर्जर, देवेंद्र गुर्जर, अंकित धवन, निक्की पांडे, कुलदीप सिंह परिहार सहित क्षेत्र की महिला मंडल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन देवेंद्र गुर्जर ने तथा आभार हेमंत गुर्जर ने माना।
