जनवकालत न्यूज/ हैदराबाद। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के 16वें सीजन के 25वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को उसके होमग्राउंड पर 14 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम ने दो अंक हासिल कर लिए। उसके अब पांच मैचों में छह अंक हो गए हैं। रोहित शर्मा की टीम छठे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, हैदराबाद की यह तीसरी हार है और वह अंक तालिका में नौवें पायदान पर है।

सनराइजर्स के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।


मुंबई की तीसरी जीत
इस हार के साथ ही सनराइजर्स की जीत का क्रम टूट गया है। उसे पिछले दो मुकाबलों में सफलता मिली थी, लेकिन वह जीत की हैट्रिक नहीं लगा सकी। वहीं, मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है।

आखिरी ओवर में 20 रन नहीं बना सके सनराइजर्स
सनराइजर्स हैदराबाद को आखिरी ओवर में 20 रनों की आवश्यकता थी। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने युवा अर्जुन तेंदुलकर को गेंदबाजी के लिए बुलाया। अर्जुन ने कप्तान के भरोसे को सही साबित किया और सिर्फ चार रन दिए। उनके इस ओवर में दो विकेट भी गिरे।
सनराइजर्स की बल्लेबाजी हुईं फेल
सनराइजर्स के लिए पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। मयंक अग्रवाल ने 41 गेंद पर सर्वाधिक 48 रन बनाए। हेनरिच क्लासेन ने 16 गेंद पर 36 रन बनाए। एडेन मार्करम ने 22, मार्को यानसेन ने 13 और वाशिंगटन सुंदर ने 10 रन बनाए। हैरी ब्रूक नौ, राहुल त्रिपाठी सात और अभिषेक शर्मा एक रन बनाकर आउट हुए।

नहीं चले अब्दुल समद
अब्दुल समद से आखिरी ओवरों में टीम को विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन वह 12 गेंद पर नौ रन ही बना सके। मुंबई के लिए जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरेडिथ और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। अर्जुन तेंदुलकर और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली।
रोहित शर्मा ने हासिल की खास उपलब्धि
रोहित शर्मा ने अपनी छोटी पारी में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने आईपीएल में अपने छह हजार रन पूरे कर लिए। रोहित के आईपीएल के 232 मैचों में 6014 रन हो गए। रोहित शर्मा छह हजार से ज्यादा रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए। रोहित शर्मा ने विराट कोहली, शिखर धवन और डेविड वॉर्नर के खास क्लब में खुद को शामिल कर लिया। आईपीएल में सबसे ज्यादा रन विराट कोहली के नाम हैं।
Three wins in a row for the @mipaltan as they beat #SRH by 14 runs to add two key points to their tally.
Scorecard – https://t.co/oWfswiuqls #TATAIPL #SRHvMI #IPL2023 pic.twitter.com/asznvdy1BS
— IndianPremierLeague (@IPL) April 18, 2023