जनवकालत न्यूज़ / मुंबई | WPL, MUM vs GUJ Women’s Premier League 2023 : महिला प्रीमियर लीग के 12वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात जाएंट्स से हुआ। यह मैच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया। मुंबई की टीम अपने सभी पांचों मैच जीतकर शीर्ष पर है। वहीं, गुजरात की टीम चौथे स्थान पर है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 162 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 107 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई इंडियंस ने गुजरात जाएंट्स को 55 रन से हरा दिया।
यह मुंबई इंडियंस की टीम की लगातार पांचवीं जीत रही। 10 अंकों के साथ यह टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। इसके अलावा मुंबई की टीम अब तक इस टूर्नामेंट में 200 से कम का टोटल डिफेंड करने वाली भी पहली टीम बनी।


पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। इन-फॉर्म बैटर हेली मैथ्यूज को पारी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर एश्ले गार्डनर ने पवेलियन भेजा। वह खाता भी नहीं खोल सकीं। इसके बाद नेट सीवर ब्रंट और यास्तिका भाटिया ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी निभाई। नेट सीवर 31 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुईं।
यास्तिका भाटिया अर्धशतक से चूक गईं और 37 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर रन आउट हुईं। इसके बाद हरमनप्रीत कौर और अमेलिया कर ने चौथे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी निभाई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 30 गेंदों में 51 रन की तूफानी पारी खेली।