101 महिलाओं की सामूहिक गोद भराई आयोजन हुआ…
रतलाम|
महिला बाल विकास विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह के समापन दिवस पर इनरव्हील क्लब के संयोजन से गर्भवती महिलाओं की सामूहिक गोद भराई अमृत उत्सव आयोजन किया गया। स्वास्थ्य की दृष्टि से सुरजने की महत्व को दर्शाने के लिए सुरजने से बने विभिन्न व्यंजनों का स्टाल भी लगाया गया। स्टाल पर सुरजने की बड़ी, पराठा, पुड़ी, मठरी, सूप, सुरजना करी इत्यादि व्यंजन प्रदर्शित किये गए। जब कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने सुरजने के सूप को चखा तो बरबस बोल उठी कि पौष्टिकता के साथ-साथ यह सूप टेस्टी भी है। महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सुरजने के ये सभी व्यंजन अत्यंत मुफीद हैं। स्थानीय रोटरी हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में रतलाम शहर की 101 गर्भवती महिलाओं की सामूहिक गोद भराई की गई, साथ ही उनको शुभकामनाएं भी दी गई। कार्यक्रम में महापौर डॉक्टर सुनीता यार्दे, नगर निगम की महिला बाल विकास समिति अध्यक्ष श्रीमती मोनिका सोनी, पार्षद द्वय श्रीमती माला शर्मा, श्रीमती मीरा परमार, इनरव्हील क्लब गोल्ड की अध्यक्ष श्रीमती सीमा सकलेचा, इनरव्हील क्लब एक्टिव की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि देसाई, इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन महिला विंग की डॉ. लीला जोशी, इनरव्हील क्लब की सदस्याएं, सहायक संचालक महिला बाल विकास विभाग सुश्री अंकिता पंड्या उपस्थित थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर डॉक्टर सुनीता यार्दे ने कहा कि महिलाओं के लिए राज्य शासन ने कई योजनाएं लागू की है। ये योजनाएं गर्भवती महिलाओं तथा उनके बच्चों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, महिलाएं इनका लाभ उठाएं। अपने तथा अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इन योजनाओं से मिलने वाली राशि का सदुपयोग करें। महापौर ने अपने उद्बोधन में गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मार्गदर्शन भी दिया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में स्वास्थ्य विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह के उपलक्ष्य में कई बेहतर आयोजन किए जा रहे है। इस दौरान उल्लेखनीय गतिविधियां समाज हित में आयोजित की जा रही है। कलेक्टर ने महिलाओ तथा बच्चो की स्वास्थ्य संबंधी देखभाल के लिए कई सुझाव दिए। इसके साथ ही उचित आहार विहार की जानकारी भी कलेक्टर ने महिलाओं को दी। संचालन सुश्री एहतेशाम अंसारी ने किया। आभार सुश्री प्रेरणा तोगड़े ने माना।

