GT vs CSK: गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से चेन्नई की गुजरात पर पहली जीत, पांचवें खिताब के लिए फाइनल खेलेगी महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग

जनवकालत न्यूज़/चेन्नई। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी चेन्नई सुपरकिंग्स रिकॉर्ड 10वीं बार आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है। उसने मंगलवार (23 मई) को क्वालिफायर-1 में गत चैंपियन गुजरात टाइटंस को 15 रन से हरा दिया। चेन्नई की चार मैचों में गुजरात पर यह पहली जीत है। इससे पहले तीनों मैच में सीएसके को हार का सामना करना पड़ा था। धोनी अब पांचवीं बार चैंपियन बनने के लिए रविवार (28 मई) को मैदान पर उतरेंगे।

20230524 015237

फोटो सोशल मीडिया

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 157 रन पर सिमट गई।

गायकवाड़ ने चेन्नई के लिए बनाए सर्वाधिक रन

चेन्नई के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने सर्वाधिक 60 रन बनाए। डेवोन कॉन्वे ने 40 रन का योगदान दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। रवींद्र जडेजा ने 16 गेंद पर 22 रन बनाए। अजिंक्य रहाणे और अंबाती रायुडू ने 17-17 रन बनाए

धोनी का बल्ले से नही आए रन

चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और शिवम दुबे ने एक-एक रन बनाए। मोइन अली चार गेंद पर नौ रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। दर्शन नालकंडे, नूर अहमद और राशिद खान को एक-एक सफलता मिली।

20230524 015218

शुभमन गिल से लगी उम्मीद नहीं हुई पूरी

चेन्नई से मिले 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 38 गेंद पर सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। वह इस मैच पिछले दो मुकाबलों वाला कमाल नहीं दिखा सके। गिल ने सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ शतक लगाया था, लेकिन इस बार वह मैच फिनिश नहीं कर पाए।

राशिद खान की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

राशिद खान ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाए। उन्होंने टीम के लिए उम्मीद जगाई, लेकिन वह जीत नहीं दिला सके। राशिद ने 16 गेंद पर 30 रन बनाए। दसुन शनाका ने 17, विजय शंकर ने 14 और ऋद्धिमान साहा ने 12 रन बनाए।

गेंदबाजों ने बरपाया कहर

कप्तान हार्दिक पांड्या आठ, मोहम्मद शमी पांच, डेविड मिलर चार और राहुल तेवतिया तीन रन बनाकर आउट हुए। नूर अहमद ने नाबाद सात रन बनाए। दर्शन नालकंडे खाता नहीं खोल सके। चेन्नई के लिए दीपक चाहर, महीश तीक्षणा, रवींद्र जडेजा और मथीशा पथिराना ने दो-दो विकेट लिए। तुषार देशपांडे को एक सफलता मिली।

अब  क्वालीफायर-2 में खेलेगी गुजरात की टीम

गुजरात टाइटंस की बात करें तो हार्दिक पांड्या की इस हार के बाद बाहर नहीं हुई है। उसे फाइनल में पहुंचने का दूसरा अवसर मिलेगा। वह 26 मई अहमदाबाद में क्वालिफायर-2 में खेलेगी। वहां उसका मुकाबला मुंबई इंडियंस या लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। मुंबई और लखनऊ के बीच बुधवार (24 मई) को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में गुजरात से खेलेगी।

Read Also